घरघोड़ा। सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा के तहत घरघोड़ा फेडरेशन से जुड़े बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) घरघोड़ा कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। पदयात्रा के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान शिक्षकों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति और न्यायसंगत कार्यप्रणाली से जुड़ी मांगों को लेकर यह पहल की गई है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, पूर्व सेवा गणना करते हुए क्रमोन्नति, पेंशन सहित समस्त लाभ प्रदान करने की मांग रखी गई।
इसके अलावा ये छत्तीसगढ़ में सेवारत शिक्षकों को TET अनिवार्यता पर सेवा सुरक्षा प्रदान करने तथा वरिष्ठता के आधार पर पूर्व प्रचलित नियमानुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
शिक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए आग्रह किया कि उनकी मांगों को अविलंब मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए, ताकि शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय लिया जा सके। अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन स्वीकार करते हुए इसे नियमानुसार आगे मुख्यमंत्री कार्यालय तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान घरघोड़ा फेडरेशन के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।




