घरघोड़ा नगर स्थित मां बैगिन डोकरी दाई मंदिर परिसर में गार्डन निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद राधेश्याम राठिया उपस्थित रहे।
विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।
मंच से अपने उद्बोधन में सांसद श्री राधेश्याम राठिया जी ने कहा कि नगर विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही नगर में गौरवपथ का भी भूमिपूजन किया जाएगा, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि जिंदल प्रबंधन एवं एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा नगर विकास के लिए लगातार सहयोग और योगदान दिया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, सामाजिक एवं धार्मिक विकास कार्यों में उद्योगों की भागीदारी सराहनीय है।
वहीं नेता सुभाष चंद्र बोस वार्ड में आयोजित इस भूमिपूजन कार्यक्रम को सफल बनाने में एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी का योगदान भी काफी सराहनीय रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था एवं विकास कार्यों को लेकर उनकी सक्रिय भूमिका की लोगों ने प्रशंसा की।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं वार्ड पार्षद श्याम भोजवानी भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा क्षेत्र के विकास कार्यों में निरंतर सहयोग देने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने घरघोड़ा के बागमुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए सांसद श्री राधेश्याम राठिया जी से मांग रखी। इस पर सांसद श्री राधेश्याम राठिया जी ने जिंदल प्रबंधन एवं एनटीपीसी प्रबंधन से नगर विकास एवं बागमुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य में सहयोग करने की बात कही।
कार्यक्रम में सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान, जिला उपाध्यक्ष नरेश पंडा,घरघोड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, सीएमओ पुष्पा खलखो, उपेंद्र बंजारे, लखन साहू, चंद्रा जी, अनिल चौहान, प्रकाश कुर्रे सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन संजय पांडा द्वारा किया गया। वहीं कार्यक्रम के अंत में एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए नगर विकास एवं धार्मिक कार्यों में सभी के सहयोग की सराहना की।
आयोजन के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी ने मां बैगिन डोकरी दाई मंदिर के उज्ज्वल विकास की कामना की।
