छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला के छुरा ब्लॉक के ग्राम पाटसिवनी में सुशासन तिहार के दौरान आयोजित जनसमस्या निवारण कार्यक्रम में उस समय माहौल गरमा गया, जब क्षेत्रीय लोगों ने पटवारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। शिकायत सुनते ही BJP विधायक भड़क उठे और मंच से ही नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले पटवारी को “जूते से मारूंगा”। विधायक का यह बयान वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया, वहीं इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विधायक ने अधिकारियों को साफ निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को परेशान करने वाले और रिश्वतखोरी में लिप्त कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन और पारदर्शिता के लिए काम कर रही है, लेकिन कुछ कर्मचारी व्यवस्था को बदनाम करने में लगे हैं।
इधर, एक अन्य मामले में पूर्व संसदीय सचिव भी प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराज नजर आए। उन्होंने जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कलेक्टर पर खुलकर नाराजगी जताई। कार्यक्रम में दोनों नेताओं के तीखे तेवरों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।
