रायगढ़। गजमार पहाड़ी पर स्थित पहाड़ मंदिर, जो पूरे अंचल सहित प्रदेश में अपनी विशेष पहचान रखता है, अब भव्य नवनिर्माण (जीर्णोद्धार) की ओर अग्रसर है। वर्ष 1980 में जनसहयोग से निर्मित इस बजरंगबली मंदिर को अब आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
रायगढ़ के विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल और दूरदर्शिता के चलते इस मंदिर का कायाकल्प संभव हो रहा है। नवनिर्माण के तहत यहां भगवान बजरंगबली की 51 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसकी रूपरेखा पूरी तरह तैयार कर ली गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन आगामी 7 मई 2026 को वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इसी क्रम में गैलेक्सी मॉल में पहाड़ मंदिर नवनिर्माण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष डॉ. पवन अग्रवाल और सुशील मित्तल ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस पुनीत कार्य में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही क्यूआर कोड एवं बैंक खाता संख्या जारी की जाएगी, ताकि लोग आसानी से कैशलेस माध्यम से सहयोग कर सकें।
उन्होंने अपील की कि श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार 11, 21, 51 या अन्य राशि देकर ‘गिलहरी प्रयास’ के रूप में योगदान कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मंदिर के नवनिर्माण से जोड़ना है।
समिति के अनुसार, जनसहयोग से तैयार होने वाला यह भव्य पहाड़ मंदिर आने वाले समय में रायगढ़ को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान दिलाएगा।
