दुर्ग। नगर निगम कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब निगम कमिश्नर के पीए पर भगवान को लेकर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगा। इस बात की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में निगम कार्यालय पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पीए को कार्यालय से बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति कुछ समय तक तनावपूर्ण बनी रही।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार्यकर्ताओं को नारेबाजी करते और पीए के साथ धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
